शराब आपके स्वास्थ्य के लिए कितना खतरनाक होता है यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट से पता चलता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार बहुत अधिक शराब पीने के कारण साल 2016 में 30 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई और इनमें ज्यादातर पुरुष थे। यह एड्स, हिंसा और सड़क हादसों में होने वाली मौतों को मिलाने से प्राप्त आंकड़े से भी ज्यादा है। इस रिपोर्ट की मानें तो हर साल होने वाली 20 में से एक मौत शराब की वजह से होती है।
साथ ही इस रिपोर्ट में डब्ल्यूएचओ ने कहा कि करीब 23.7 करोड़ पुरुष और 4.6 करोड़ महिलाएं अल्कोहल से जुड़ी समस्या का सामना कर रही हैं।
इनमें ज्यादातर यूरोप और अमेरिका में रहने वाले लोग हैं। यूरोप में प्रति व्यक्ति शराब की खपत पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है जबकि वहां 2010 के मुकाबले अब शराब की खपत में 10 फीसदी तक की कमी भी आई है।
लगभग 500 पन्नों की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि शराब के कारण होने वाली मौतों में तीन चौथाई से अधिक इसका शिकार पुरुष होते हैं।
और वहीं डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस ऐधानॉम गेब्रेयेसस ने अपने एक बयान में कहा कि, "बहुत से लोगों के लिये शराब के हानिकारक परिणामों का प्रभाव उनके परिजन और समाज के लोगों पर हिंसा, चोटों, मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं व कैंसर और हृदयाघात जैसी बीमारियों के तौर पर पड़ता है"।
साथ ही उन्होंने कहा, "स्वस्थ समाज विकसित करने की दिशा में इस गंभीर खतरे को रोकने के लिये कार्रवाई तेज करने का समय है"। आपको बता दें कि शराब पीने से आपको बहुत सारी गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है जैसे लीवर सिरोसिस और कुछ कैंसर समेत 200 से ज्यादा स्वास्थ्य विकार।

0 Comments