​अॉनलाइन शॉपिंग फ्रॉड से कैसे बचें?


बदलते समय के साथ लोगों की जीवनशैली में भी बदलाव आ रहा है पहले लोग बाजारों में घूम-घूम कर अपनी जरूरत के सामान को खरीदते थे और एक सामान के लिए उन्हें काफी चक्कर काटने पड़ते थे। इसी को ध्यान में रखते हुए और हमारी खरीदारी को आसान बनाने के लिए अॉनलाइन शॉपिंग साइट्स बनाई गई, जहां अब लोग बिना बाजार के चक्कर काटे और बिना समय खर्च किये अपनी जरूरत की चीजों को खरीद सकते हैं।
कुछ लोगों को अॉनलाइन शॉपिंग अच्छी और सही लगती है तो कुछ लोगों को अॉनलाइन शॉपिंग पसंद नहीं है उनका मानना यह है कि अॉनलाइन शॉपिंग में धोखाधड़ी की  संभावनाएं अधिक हैं इसलिए वह अॉनलाइन शॉपिंग को गलत ठहराते हैं, हालांकि ऐसा कहना पूरी तरह से उचित नहीं है।
हां एक बात का ध्यान रखें कि अॉनलाइन शॉपिंग के कुछ फायदे हैं तो उसके साथ कुछ नुकसान भी हैं।
और इसलिए अॉनलाइन शॉपिंग फ्रॉड से बचने के लिए कुछ तरीकों को अपनाना आवश्यक है जिससे आप धोखाधड़ी से बचें रहेंगे।

हमेशा परिचित और भरोसेमंद वेबसाइट का प्रयोग करें -

अॉनलाइन शॉपिंग करते समय एक बात का खास ध्यान दें कि जिस वेबसाइट से आप खरीदारी कर रहे हैं वह भरोसेमंद और परिचित हो जिसे ज्यादा से ज्यादा लोग इस्तेमाल करते हों, क्योंकि कोई भी वेबसाइट भरोसेमंद तब ही बनती है जब उसे ज्यादा से ज्यादा लोग इस्तेमाल कर रहे हों और ऐसा तब ही संभव है कि जब उस वेबसाइट द्वारा लोगों को धोखा ना दिया गया हो।

कार्ड या अन्य किसी अॉनलाइन भुगतान सुविधा से भुगतान करने से बचें - 

बहुत से लोगों का मानना है कि आप डेबिट कार्ड के बजाए क्रेडिट कार्ड का प्रयोग करें जबकि आपके लिए बेहतर यह होगा कि जहां तक हो सके आप कैश अॉन डिलीवरी का विकल्प चुनें जिससे फ्रॉड की बिल्कुल भी संभावना नहीं होगी। और आपका सामान मिलने पर हाथों हाथों भुगतान करने में आपको संतुष्टि होगी। 

 हमेशा SSL वाली वेबसाइट इस्तेमाल करें-

बहुत बार ऐसा होता है कि किसी प्रोडक्ट पर हमें कैश अॉन डिलीवरी का विकल्प नहीं मिलता ऐसे में हमारे पास अॉनलाइन भुगतान के अलावा कोई विकल्प नहीं रह जाता। ध्यान रखें कि अगर आप अॉनलाइन भुगतान कर रहे हैं तो आपकी वेबसाइट पर SSL यानी सेक्योरिटी सॉकेट लेयर होना आवश्यक है। इससे आपका भुगतान सुरक्षित होगा और धोखाधड़ी की संभावना भी नहीं होगी। SSL देखने के लिए आप यह देखें कि क्या जो वेबसाइट आप इस्तेमाल कर रहे हैं उसके एड्रेस बार में https:// जुड़ रहा है या नहीं बहुत सि वेबसाइट ऐसी होती हैं जो केवल http:// पर चलतीं हैं और उनमें सेक्योरिटी सॉकेट लेयर नहीं होता है। अगर वेबसाइट में SSL है और आपको अॉनलाइन भुगतान करना पड़ रहा है तो यहां आप डेबिट कार्ड के बजाय क्रेडिट कार्ड या फिर किसी अन्य अॉनलाइन भुगतान सेवा के द्वारा भुगतान कर सकते हैं जैसे पेपाल इत्यादि से। 

अपने कम्प्यूटर को हमेशा अपडेटेड और सुरक्षित रखें - 

अॉनलाइन भुगतान के लिए यह जरूरी है कि आपका कम्प्यूटर पूरी तरह से सुरक्षित और अपडेट होना चाहिए। और इसके लिए आप अच्छे एंटी वायरस सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर सकते हैं। 

निजी वाई-फाई नेटवर्क कनेक्शन का प्रयोग करें -

आपकी प्राइवेसी के लिए अत्यधिक जरूरी है कि आप एक सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क कनेक्शन का उपयोग करने के बजाए एक निजी वाई-फाई नेटवर्क कनेक्शन का प्रयोग करें और यह आपके भुगतान के लिए भी बहुत जरूरी है। अगर आप एक सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क कनेक्शन का प्रयोग करते हैं तो आपकी गुप्त जानकारी लीक हो सकती है। 

छली अॉफर से बचें - 

बहुत बार आपको ऐसे अॉफर पेश किये जाते हैं कि, थोड़े से पैसे में काफी सारा सामान मिल रहा होता है या बहुत महंगा सामान बहुत कम दाम में मिल रहा होता है, इस प्रकार के अॉफर की जानकारी आपको ज्यादातर विज्ञापन द्वारा दी जाती है। हां ऐसा हो सकता है कि किसी खास अवसर पर आपको कुछ सामानों पर छूट मिले लेकिन यह उन छली अॉफर से अलग है। ऐसे में अगर आपको लगता है कि कोई अॉफर छली किस्म का है तो उससे दूर रहें। 

प्रोडक्ट्स की जानकारी होना है जरूरी - 

बहुत से लोगों ने यह शिकायत की है कि उन्होंने सामान मंगाया कुछ और उनको मिला कुछ ऐसा तब ही मुमकिन है जब आपने किसी अपरिचित और अविश्वसनीय वेबसाइट से कोई सामान खरीदा है, या फिर आपको उस प्रोडक्ट की अच्छी जानकारी नहीं थी। अगर आप किसी अच्छी कंपनी और विशेष ब्रांड का कोई प्रोडक्ट जिसकी आपको अच्छी से जानकारी है तो उसे एक परिचित और ट्रस्टेड वेबसाइट से खरीदने में कोई जोखिम नहीं है। 

फैशन के सामान खरीदने में बरतें सावधानी - 

सजने संवरने के सामान जैसे कपड़े, जूते आभूषण (ज्वेलरी) घड़ियां इत्यादि को खरीदते समय थोड़ी सावधानी बरतें। बहुत लोगों की शिकायत है कि जैसा सामान उन्होंने वेबसाइट पर देखा और आर्डर किया था वैसा उनको मिला नहीं है। जबकि ऐसा जरूरी नहीं है कि ऐसा ही होता हो बहुत बार देखने में गलती भी हो जाती है कि हम उस ससामान के बारे में पढ़ते नहीं हैं बस देख लेते हैं। ऐसे में हमें पहले सामान के बारे में जानकारी हासिल करनी चाहिए फिर आर्डर करना चाहिए। यह उचित होगा कि आप हमेशा एक नामी और प्रसिद्ध ब्रांड का ही चयन करें जो आपको पसंद हो। कभी किसी अनजान प्रोडक्ट को आर्डर ना करें। 
हालांकि कभी कभी आपको रंग को लेकर परेशानी हो सकती है। 

मुहरबंद पार्सल ही स्वीकार करें-

जब आपको सामान की डिलीवरी मिलती है तो हमेशा बंद पार्सल ही लें अगर आपको लगता है कि सामान के साथ छेड़छाड़ किया गया है, या खोला गया है तो ऐसा सामान कभी ना लें। यह भी आवश्यक है कि समय पर ही उस सामान की जांच करें और कोई गड़बड़ी नजर आती है उसे वापस कर दें। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, टीवी, लेपटॉप आपको सही सलामत हाल में मिलते हैं तो संतुष्ट रहें। 

कोई भी अॉनलाइन शॉपिंग वेबसाइट को इस्तेमाल करने से पहले उसके नियमों और शर्तों को पढ़ें - 

किसी भी अॉनलाइन शॉपिंग वेबसाइट को इस्तेमाल करने से पहले उसके निबंधन और शर्तों को जानना जरूरी है, जिससे आप सुरक्षित शॉपिंग कर पाएंगे। एक और बात पर ध्यान दें कि जो वेबसाइट आप इस्तेमाल कर रहे हैं क्या उस पर सामान वापसी की व्यवस्था है या नहीं? इससे आप धोखाधड़ी से बचे रहेंगे और आपको राहत मिलेगी। 
आपके लिए सबसे बेहतर यही होगा कि आप केवल भरोसेमंद वेबसाइट का ही प्रयोग करें।
यह भी पढ़ें!
रेड रूम्स क्या है, क्या आप जानते हैं लाल कमरे के बारे में? 

Post a Comment

1 Comments