एसबीआई, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक दे रहे हैं जीरो बैलेंस बचत खाता, जानिए इनकी विशेषताएं

इस बचत खाते में ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग और डेबिट कार्ड भी दिया जायेगा। इस खाते का नाम बेसिक सेविंग्स बैंक अकाउंट है इसको हिंदी में 'मूल बचत बैंक खाता' कहा जाता है। एचडीएफसी बैंक ने इस खाते को 'बेसिक सेविंग्स बैंक डिपाजिट अकाउंट' नाम दिया है, जिसको हिंदी में 'मूल बचत बैंक जमा खाता' कह सकते हैं। अगर आप बिना न्यूनतम राशि बनाए रखे एक बैंक खाता खोलना चाहते हैं, तो बेसिक सेविंग्स बैंक अकाउंट आपके लिए सबसे बेहतरीन विकल्प होगा।
इसको संक्षेप में हम बीएसबीडी खाता कह सकते हैं। बीएसबीडी खाता एक प्रकार का जीरो बैलेंस खाता है। इसमें ग्राहकों को अपने खाते में कोई न्यूनतम औसत राशि बनाये रखने की आवश्यकता नहीं है। भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक आपको यह खाता खोलने की सुविधा देते हैं। इसमें ग्राहक को इंटरनेट बैंकिंग और डेबिट कार्ड भी दिया जायेगा। कोई भी इस खाते को सिंगल या जॉइंट खोल सकता है। आईसीआईसीआई बैंक के अनुसार यह खाता 18 वर्ष से ऊपर के व्यक्ति ही खोल सकते हैं। एचडीएफसी बैंक के अनुसार 10 वर्ष से ऊपर की आयु के नाबालिग भी यह खाता खोल सकते हैं।
एसबीआई में यह खाता केवल 18 वर्ष से ऊपर की आयु के यक्ति ही खोल सकते हैं। एसबीआई 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 'पहला क़दम' खाता खोलने की सुविधा देता है। और 10 वर्ष से ऊपर आयु के नाबालिग के लिए एसबीआई 'पहली उड़ान' खाता प्रदान करता है।


भारतीय स्टेट बैंक के बीएसबीडी खाते की विशेषताएं और फायदे
अगर आप भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई में बीएसबीडी खाता है, तो इसमें आपको फ्री में RuPay का डेबिट कार्ड इशू किया जायेगा, जिसका कोई भी वार्षिक चार्ज भी नहीं लिया जायेगा। इस खाते में एनईएफ़टी और आरटीजीएस भी फ्री होंगे। खाते को खोलने और बंद करने के लिए आपसे कोई भी चार्ज नहीं लिया जायेगा।

भारतीय स्टेट बैंक के शून्य बैलेंस वाले बीएसबीडी खाते पर मिलने वाली ब्याज दर
एसबीआई के बीएसबीडी खाते में आपको नियमित बचत खाते (रेगुलर सेविंग्स अकाउंट) के समान ही ब्याज दर मिलेगी। अगर बैलेंस एक करोड़ है, तो इस पर वार्षिक 3.5 प्रतिशत की ब्याज दर मिलेगी। अगर बैलेंस एक करोड़ से अधिक है, तो इस पर वार्षिक 4 प्रतिशत की ब्याज दर मिलेगी।


एचडीएफसी बैंक के बीएसबीडी खाते की विशेषताएं और फायदे
अगर यह खाता आप एचडीएफसी बैंक में खोलते हैं, तो यह खाता जीरो बैलेंस से ही खुल जायेगा। इसमें आपको एक फ्री RuPay का डेबिट कार्ड दिया जायेगा। एचडीएफसी बैंक अपने सभी खाताधारकों को फ्री में पासबुक इशू करता है। खाताधारक फ्री में एचडीएफसी की शाखा और एटीएम में कैश और चेक जमा कर सकते हैं।
ग्राहक महीने में केवल चार बार निकासी कर सकते हैं, जिनमें एटीएम, आरटीजीएस, एनईएफ़टी, शाखा नकदी निकासी, ट्रांसफर, इंटरनेट डेबिट, ईएमआई इत्यादि शामिल हैं।
अगर आप महीने में चार बार से ज़्यादा निकासी करते हैं, तो बैंक आपके बीएसबीडी खाते को 'नियमित बचत खाते' (रेगुलर सेविंग्स अकाउंट) में परिवर्तित कर देगा। उसके बाद इस खाते पर सभी नियमित बचत खाते वाले नियम और चार्ज लागू होंगे।

एचडीएफसी बैंक शून्य बैलेंस वाले बीएसबीडी खाते पर मिलने वाली ब्याज दर
50 लाख या उससे ऊपर की राशि पर एचडीएफसी बैंक इस खाते पर 4 प्रतिशत की ब्याज दर देगा। 50 लाख से नीचे की राशि पर एचडीएफसी बैंक इस खाते पर 3.5 प्रतिशत की ब्याज दर देगा।


आईसीआईसीआई बैंक के बीएसबीडी खाते की विशेषताएं और फायदे
आईसीआईसीआई बैंक बीएसबीडी खाते में अपने सभी खाताधारकों को फ्री पासबुक और फ्री RuPay का डेबिट कार्ड देता है।
इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक के डेबिट कार्ड से रोज़ाना की नक़द निकासी और खर्च करने की सीमा 10,000 तक ही है।
इस खाते में इंटरनेट बैंकिंग सेवा फ्री है।

आईसीआईसीआई बैंक के शून्य बैलेंस वाले बीएसबीडी खाते पर मिलने वाली ब्याज दर
आईसीआईसीआई बैंक अपने अन्य बचत खाते की तरह ही बीएसबीडी खाते पर भी ब्याज दर देता है। 50 लाख से कम की राशि पर वार्षिक 3.5 प्रतिशत की ब्याज दर मिलेगी।
50 लाख से अधिक की राशि पर वार्षिक 4 प्रतिशत की ब्याज दर मिलेगी।

यह थी जीरो बैलेंस मूल बचत बैंक खाते की जानकारी, आपको यह जानकारी कैसी लगी हमें ज़रूर बताइये, साथ ही यह भी बताइये कि किस बैंक में आप यह खाता खुलवाना चाहेंगे।

Post a Comment

0 Comments